Saturday, July 27, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

ऑस्ट्रेलिया 14 साल बाद बना अंडर-19 विश्व कप चैंपियन

सीनियर स्तर पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल और वनडे विश्व कप 2023 फाइनल में भारत को हराने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया ने जूनियर स्तर पर भी भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी में खेले गए अंडर19 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया को 79 रन से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रन पर सिमट गई।

एक साल के अंदर कंगारुओं ने तीसरी बार भारतीय टीम का विश्व कप जीतने का सपना तोड़ दिया है। पिछले साल जून में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हराया था। फिर पिछले साल ही 19 नवंबर को कंगारुओं ने भारतीय टीम को वनडे विश्व कप के फाइनल में शिकस्त दी थी। अब 85 दिन बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीसरी बार टीम इंडिया को किसी खिताबी मुकाबले में हराया है।

अंडर19 विश्व कप में यह ऑस्ट्रेलिया का चौथा खिताब है। इससे पहले वह 1988, 2002 और 2010 में भी खिताब जीत चुके हैं। 14 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने अंडर19 विश्व कप का खिताब जीता है। भारत पांच बार की चैंपियन है। उसने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में खिताब पर कब्जा जमाया था। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने भारत के लगातार दूसरा अंडर19 विश्व कप जीतने के इरादे को भी ध्वस्त कर दिया। अब तक सिर्फ पाकिस्तान ही लगातार दो बार अंडर19 विश्व कप जीत पाई है। उन्होंने 2004 और 2006 में ऐसा किया था।

Popular Articles