राजौरी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान की ओर से बड़े स्तर पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। शुक्रवार रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के तरकुंडी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से भारी गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की इस कार्रवाई को सीमा पार की गतिविधियों और गुलाम जम्मू-कश्मीर में उत्पन्न हालात से ध्यान भटकाने की कोशिश माना जा रहा है। भारतीय सेना ने पूरी सतर्कता के साथ जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर कुछ समय तक गोलीबारी जारी रही।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में भारतीय पक्ष को किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा सेना हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान की इस हरकत के पीछे की मंशा का भी आकलन कर रही हैं। सीमा पर तनाव के बावजूद भारतीय सेना पूरी तरह सतर्क है और किसी भी उकसावे का प्रभावी जवाब देने के लिए तैयार है।





