Top 5 This Week

Related Posts

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मसूद मलिक, SCO सभ्यता संवाद मंच में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वह यहां 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है।

भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के कार्यवाहक प्रमुख साद अहमद वारैच ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। पाकिस्तानी उच्चायोग ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उनके भारत पहुंचने की जानकारी साझा की।

तीन साल बाद भारत आया पाकिस्तानी मंत्री

मसूद मलिक पिछले तीन वर्षों में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में आयोजित SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे।

सभ्यताओं के बीच संवाद पर रखेंगे पाकिस्तान का पक्ष

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मसूद मलिक मंच पर सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और कूटनीति में पाकिस्तान की भूमिका पर अपना पक्ष रखेंगे। उनके संबोधन में SCO में पाकिस्तान के रचनात्मक योगदान के साथ देश की विविध सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत को भी प्रमुखता दी जाएगी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस मंच पर देश की भागीदारी आपसी सम्मान, सहयोग और समझ को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल मंच के विभिन्न विषयगत सत्रों में भी हिस्सा लेगा और अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेगा।

पीएम मोदी करेंगे मंच का उद्घाटन

नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करना है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान वर्ष 2026-27 के लिए SCO राष्ट्राध्यक्ष परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। अगले शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी पाकिस्तान को करनी है। ऐसे में इस मंच पर उसकी भागीदारी को क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles