Monday, February 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ऑपरेशन महादेव में पहलगाम हमले के तीन आतंकी ढेर: गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में दी जानकारी

लोकसभा में मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने सदन को बताया कि ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों के पास से जब्त तीन राइफलें वही थीं, जिनका इस्तेमाल 22 अप्रैल को हुए इस हमले में किया गया था।

मारे गए आतंकियों के नाम

गृह मंत्री ने जानकारी दी कि मारे गए आतंकवादियों के नाम हैं — सुलेमान शाह, जिबरान और हमजा अफगानी। इनमें सुलेमान ‘ए’ श्रेणी का वांछित आतंकी था, जो पहलगाम और गगनगीर हमलों में सक्रिय भूमिका निभा चुका था।

ऑपरेशन सिंदूर की सर्जिकल कार्रवाई

श्री शाह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर 7 मई को शुरू हुआ था और यह रात 1:04 से 1:24 बजे तक चला, जिसमें पाकिस्तान के भीतर 100 किलोमीटर अंदर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया और 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में कोई पाकिस्तानी नागरिक हताहत नहीं हुआ, और यह हमला पूरी तरह सर्जिकल सटीकता के साथ किया गया।

खुफिया जानकारी और पूछताछ

शाह ने बताया कि हमले की जांच के दौरान 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई — जिनमें पीड़ितों के परिजन, पर्यटक, टट्टू संचालक, फोटोग्राफर और स्थानीय नागरिक शामिल थे।
जांच के दौरान 22 जून को बशीर और परवेज नामक दो लोगों की पहचान उन लोगों के रूप में हुई, जिन्होंने आतंकियों को पनाह दी थी।

विपक्ष ने उठाए सवाल

चर्चा के दौरान विपक्षी दलों ने सुरक्षा चूक और खुफिया नाकामी पर सरकार से जवाब मांगा।

  • कनिमोझी (DMK) ने कहा कि विपक्ष देशभक्त है और हमले के बाद सरकार को समर्थन दिया था।
  • अखिलेश यादव (सपा) ने संघर्षविराम की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए पूछा कि किस दबाव में सीजफायर हुआ?
  • प्रियंका गांधी (कांग्रेस) ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमले के वक्त इलाके में न सुरक्षा बल मौजूद थे, न चिकित्सा सुविधा।
  • सयानी घोष (TMC) ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया और कहा कि पर्यटन स्थल तक आतंकी कैसे पहुंचे?

सरकार का पक्ष

शाह ने विपक्ष पर राजनीतिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने हमला होते ही ठोस कदम उठाए और देश के सशस्त्र बलों ने जवाब देकर दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब कर दिया।
उन्होंने पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम की भी आलोचना की, जिन्होंने कथित तौर पर आतंकियों के पाकिस्तानी होने पर सबूत मांगे थे।

सत्तापक्ष की प्रतिक्रिया

  • भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विश्वास जताया कि पीओके भारत का हिस्सा बनेगा
  • शिवसेना के श्रीकांत शिंदे ने ऑपरेशन के बाद विदेशों में आतंकवाद के खिलाफ भारत की पहल को रेखांकित किया।

Popular Articles