नई दिल्ली/बेंगलुरु।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेंद्र को ऑनलाइन गेमिंग और अवैध सट्टेबाजी रैकेट के मामले में गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान में 30 ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी, ज्वेलरी और कीमती सामान जब्त किया।
12 करोड़ रुपये कैश, 10 किलो चांदी बरामद
ईडी की तलाशी में वीरेंद्र के घर से लगभग 12 करोड़ रुपये नकद, जिनमें 1 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा भी शामिल है, 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 10 किलोग्राम चांदी और चार लग्जरी वाहन बरामद हुए।
कैसीनो और ऑनलाइन साइट्स से जुड़ा नेटवर्क
एजेंसी ने बताया कि छापेमारी में जिन परिसरों को शामिल किया गया, उनमें गोवा के पांच प्रमुख कैसीनो — पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स, पपीज प्राइड, ओशन 7 और बिग डैडी भी शामिल हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग’ नामों से ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था।
दुबई से ऑपरेशन का कनेक्शन
ईडी ने खुलासा किया कि आरोपी का भाई के.सी. थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियों — डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज का संचालन करता है, जो कॉल सेंटर सर्विस और गेमिंग कारोबार से जुड़ी हुई हैं।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऑनलाइन गेमिंग बिल के संसद से पास होने के कुछ ही दिन बाद की गई है।





