Top 5 This Week

Related Posts

एयरपोर्ट पर रील बनाना पड़ेगा भारी! DGCA के नए नियम, उल्लंघन पर नो-फ्लाई लिस्ट तक का खतरा

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर रील और व्लॉग बनाने के बढ़ते चलन के बीच अब एयरपोर्ट पर वीडियो शूट करना यात्रियों को महंगा पड़ सकता है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने देश के हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

DGCA के अनुसार, सुरक्षा जांच क्षेत्र, बोर्डिंग गेट, रनवे बस, विमान संचालन क्षेत्र, टैक्सीवे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रील, व्लॉग या किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया सामग्री रिकॉर्ड करना प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के वीडियो अनजाने में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रतिबंधित क्षेत्रों की जानकारी सार्वजनिक कर सकते हैं।

नए नियमों के तहत एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार दिया गया है। मामले की गंभीरता के आधार पर जुर्माना, रिकॉर्ड की गई सामग्री हटाने का निर्देश, मोबाइल जब्त करने जैसी कार्रवाई हो सकती है। गंभीर मामलों में यात्री को नो-फ्लाई लिस्ट में भी डाला जा सकता है, जिससे उसकी हवाई यात्रा पर रोक लग सकती है।

हालांकि, DGCA ने स्पष्ट किया है कि यह एयरपोर्ट पर पूरी तरह से फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध नहीं है। किसी व्यावसायिक शूट, फिल्मांकन या अधिकृत कंटेंट निर्माण के लिए संबंधित विभाग से पूर्व अनुमति लेकर शूटिंग की जा सकती है। इसके लिए निर्धारित पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के वर्षों में एयरपोर्ट परिसर में रील बनाने और वीडियो शूट करने की घटनाओं में तेजी आई है। ऐसे में सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक होने का खतरा बढ़ गया था। इसी को देखते हुए DGCA ने यह कदम उठाया है।

एयरपोर्ट पर फोटो या वीडियो बनाने से पहले स्थानीय नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल कैमरा चलाना अब आपको मुश्किल में डाल सकता है।

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में बनाई गई एक रील अब आपकी उड़ान पर ब्रेक लगा सकती है। DGCA के नए नियमों के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट पर अधिक सतर्क रहने की जरूरत होगी।

Popular Articles