Top 5 This Week

Related Posts

एक साल से खुदी पड़ी सड़क पर कांग्रेस का प्रदर्शन,गड्ढे में दरी बिछाकर धरने पर बैठे

चेतावनी जल्द ही निर्माण शुरू नहीं होने पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय में होगी तालाबंदी

इंदिरा चौक से बस अड्डे तक खुदी पड़ी है सड़क,निर्माण नहीं होने पर जताया आक्रोश

रुद्रपुर। दिल्ली नैनीताल मुख्य मार्ग पर इंदिरा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश शनिवार को सड़क पर दिखाई दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर गड्डे में दरी बिछाकर धरने पर बैठे। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जताया आक्रोश। उन्होंने जल्द ही सड़क का काम शुरू न होने पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तालाबंदी की घोषणा की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि करीब एक वर्ष पूर्व सड़क निर्माण की घोषणा के बाद सड़क को खोद तो दिया गया, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार मुसीबत बने हुए हैं। आरोप है कि सड़क की दुर्दशा के कारण आए दिन वाहन गड्ढों में गिर रहे हैं और राहगीर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लगभग एक वर्ष पहले रुद्रपुर के नेताओं ने कई बार नारियल फोड़कर सड़क निर्माण के बड़े-बड़े दावे किए थे,लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क को तोड़कर गहरे गड्ढे जरूर कर दिए गए, लेकिन निर्माण कार्य आज तक अधूरा पड़ा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग को एक साल तक सड़क का निर्माण नहीं करना था तो सड़क को तीन-चार फीट गहराई तक खोदकर जनता को मुसीबत में डालने की क्या आवश्यकता थी।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और आज भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।

जनता को आश्वासन नहीं, अब सड़क चाहिए। एक वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बाद भी यदि विभाग सड़क का निर्माण पूरा नहीं कर पाया है तो यह विभागीय लापरवाही का गंभीर उदाहरण है।इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीडब्ल्यूडी विभाग ने शीघ्र ही इंद्राचौक से बस अड्डे तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे। इसके तहत लोक निर्माण विभाग कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा साथ ही में तालाबंदी भी की जाएगी।

धरना प्रदर्शन में पार्षद सौरभ बेहड,पार्षद इंद्रजीत सिंह, राकेश कोली,सुनील जड़वानी, साजिद खान, विजय गुप्ता,मोहन कुमार, कुंवर पाल कोली, सुरेंद्र सिंह, विकास मल्लिक, रंजीत तिवारी,राजेंद्र मिश्रा, अर्जुन विश्वास,फरमान सिद्दीकी देवानंद स्वर्णकार सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद थे।

Popular Articles