नई दिल्ली। एशिया कप 2025 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि उसके बाद भी सुर्खियों में बना हुआ है। पाकिस्तान के गृहमंत्री और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी, ट्रॉफी को लेकर विवाद के केंद्र में आ गए हैं।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पाँच विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। मैच के बाद भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वह ट्रॉफी अपने साथ होटल ले गए। इस घटना ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी।
सूत्रों के अनुसार, नकवी अब ट्रॉफी भारत को लौटाने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने एक शर्त रखी है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, नकवी ने आयोजकों से कहा है कि भारतीय टीम को ट्रॉफी और मेडल तभी दिए जाएंगे जब एक औपचारिक समारोह आयोजित किया जाए, जिसमें उन्हें व्यक्तिगत रूप से विजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल सौंपने की जिम्मेदारी दी जाए।
हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंधों को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। इस बीच, बीसीसीआई ने साफ किया है कि एशिया कप की ट्रॉफी नकवी की निजी संपत्ति नहीं है, बल्कि एसीसी की है। बोर्ड ने उनसे ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी कार्यालय में जमा कराने को कहा है, ताकि उसे भारत भेजा जा सके।
सूत्रों का कहना है कि फिलहाल ट्रॉफी नकवी के दुबई स्थित होटल में रखी हुई है। बीसीसीआई एसीसी से जुड़े अन्य क्रिकेट बोर्ड्स की मध्यस्थता से इस मसले को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, एसीसी की स्थगित वार्षिक आम बैठक, जो बांग्लादेश में नहीं हो सकी थी, अब मंगलवार को दुबई में आयोजित की जानी है, जिसमें इस मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना है।





