Top 5 This Week

Related Posts

उपचुनाव के प्रचार में बहन प्रियंका के साथ जुटे राहुल

केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव हैं और आज प्रचार का आखिरी दिन है। ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ प्रचार अभियान में भाग लिया। उन्होंने इस दौरान वादा किया कि वह वायनाड को दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाएंगे।

बता दें, कांग्रेस महासचिव वाड्रा उपचुनाव में यूडीएफ की उम्मीदवार हैं। राहुल ने अपनी बहन के साथ सुल्तान बाथरी में अजम्पशन जंक्शन से चुनगम जंक्शन तक रोड शो किया। उसके बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘चुनौती के तौर पर मैं वायनाड को दुनिया का सबसे अच्छा पर्यटन स्थल बनाने में उनकी (प्रियंका गांधी) मदद करूंगा।’ लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वायनाड के लोगों ने उन्हें सिखाया कि राजनीति में प्रेम शब्द का बड़ा स्थान है। उन्होंने कहा, ‘मैंने उस शब्द का इस्तेमाल नहीं किया, लेकिन वायनाड के लोगों ने मुझे सिखाया कि इस शब्द की राजनीति में गहरी जगह है।’ गौरतलब है, जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने रैली निकाली तो सुल्तान बाथरी में अजम्पशन जंक्शन से चुंगम जंक्शन तक सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जमा हो गई। बता दें, रायबरेली की सीट पर चुनाव जीतने के बाद राहुल ने वायनाड की सीट छोड़ दी थी, जिसके बाद अब इस सीट पर वाड्रा को उम्मीदवार के तौर पर उतारा है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब करीब एक हफ्ते का समय रह गया है। इस बीच सत्तासीन महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। भाजपा की तरफ से हाल ही में उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी शिवसेना-यूबीटी को राहुल गांधी से जुड़ी एक चुनौती के मुद्दा फिलहाल राज्य की राजनीति के केंद्र में है। इसे लेकर शिवसेना-यूबीटी के नेता संजय राउत ने सोमवार को जवाब भी दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र में भाजपा के घोषणापत्र के लॉन्च के दौरान कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे उस कांग्रेस का साथ दे रहे हैं, जिसके नेताओं ने बालासाहेब ठाकरे और हिंदुत्व की विचारधारा वाले विचारक वीर सावरकर का अपमान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उद्धव ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि क्या वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी से वीर सावरकर के लिए दो अच्छे शब्द कहने का अनुरोध कर सकते हैं।’’ शाह ने कहा, ‘‘क्या कांग्रेस का कोई नेता बालासाहेब ठाकरे के सम्मान में कुछ शब्द कह सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अच्छा होगा कि महाराष्ट्र के लोग उन लोगों को जान लें जो ऐसे विरोधाभासों के बीच गठबंधन सरकार बनाने का सपना लेकर आए हैं।’’ संजय राउत ने इस चुनौती का जिक्र करते हुए कहा, “आपने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह) उनकी (बालासाहेब) की बहुत तारीफ की। लेकिन उन्होंने ही बालासाहेब की शिवसेना को धोखा दिया। आप उस बारे में बताएं। आपने बालासाहेब की शिवसेना को बेच दिया। पहले आपने उसे खरीदा, फिर उसे एकनाथ शिंदे को बेच दिया।”

राउत ने आगे कहा, “आपको बालासाहेब ठाकरे का नाम लेने का कोई अधिकार नहीं है। आपने हमारी पार्टी एकनाथ शिंदे जैसे एक व्यक्ति को बेच दी, जिनका शिवसेना बनाने में कोई हाथ भी नहीं था। आपने पार्टी उन्हें बेची ताकि हमारे विधायकों को तोड़ सकें। आपको यह झूठा प्यार दिखाने की कोई जरूरत नहीं है।”

शिवसेना-यूबीटी के राज्यसभा सांसद राउत ने विधानसभा चुनाव में सीटें जीतने के अनुमान पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि महा विकास अघाड़ी राज्य में 160-170 सीटें जीतेगा। जो भी सर्वे आ रहे हैं, उन पर भरोसा न करें। एक ऐसा ही सर्वे लोकसभा चुनाव के दौरान आया था, जिसमें पीएम मोदी को 400 पार दिखाया गया था। दूसरी तरफ शरद पवार की बेटी और राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले ने भाजपा और उसकी साथी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह सभी दल भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वे महाराष्ट्र की प्रेरणाओं के प्रति असम्मान दिखा रहे हैं और गलत इतिहास का प्रचार करने की कोशिश कर रहे हैं।

Popular Articles