Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में 1694 वर्दीधारी पदों पर भर्ती का मौका, 25 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन; 12वीं पास युवा कर सकेंगे अप्लाई

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में 1,694 वर्दीधारी पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

आयोग के अनुसार, भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 28 से 30 दिसंबर तक आवेदन पत्रों में संशोधन का मौका दिया जाएगा।

पुलिस विभाग में सबसे अधिक पद

कुल 1,694 रिक्तियों में उत्तराखंड पुलिस के विभिन्न पद शामिल हैं। इनमें जनपदीय पुलिस के पुरुष कांस्टेबल के 464, पीएसी/आईआरबी कांस्टेबल के 284, महिला कांस्टेबल के 238 और फायरमैन के 201 पद हैं।

इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, पुरुष बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती होगी।

जनवरी में शारीरिक परीक्षा, अप्रैल में लिखित परीक्षा

आयोग ने जनवरी 2027 में शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा कराने की योजना बनाई है। इसके बाद अप्रैल 2027 में लिखित परीक्षा प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता, शारीरिक मानकों और लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन शुल्क और वेतन

सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क देना होगा। अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निशुल्क है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार वेतनमान दिया जाएगा।

पांच साल की सेवा अनिवार्य

भर्ती की एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि पुलिस कांस्टेबल, पीएसी/आईआरबी कांस्टेबल और फायरमैन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को कम से कम पांच वर्ष तक सेवा देनी होगी। इससे पहले इस्तीफा देने या अनुरोध पर दूसरी सेवा में जाने की स्थिति में नियमानुसार प्रशिक्षण खर्च, स्टाइपेंड और वेतन की राशि वापस करनी पड़ सकती है।

अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

Popular Articles