Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में धूमधाम से मना बूढ़ी दिवाली का पर्व ‘इगास’, भैलो खेल लोकगीतों पर सीएम धामी ने लगाए ठुमके

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में लोकपर्व इगास (बूढ़ी दिवाली) हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर पर्व की परंपरा निभाई। लोकगीतों और पहाड़ी धुनों पर मुख्यमंत्री भी जमकर थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और लोकनृत्यों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक, जनप्रतिनिधि और कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है इगास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि लोकपर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है।

नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना जरूरी

सीएम धामी ने कहा कि आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों और युवाओं को इगास के साथ हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि लोकसंस्कृति को केवल किताबों और सरकारी आयोजनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे घरों, गांवों और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने लोकगीतों, लोकनृत्यों, बोली-भाषा और पारंपरिक रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं। साथ ही स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को भी प्रोत्साहित करें।

Popular Articles