उत्तराखंड में भूस्खलन से प्रभावित मनसा देवी पहाड़ी सहित पांच संवेदनशील स्थानों पर उपचार कार्य के लिए केंद्र सरकार ने ₹125 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है। पहले चरण के तहत ₹4.5 करोड़ की राशि डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने हेतु जारी कर दी गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) और भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र द्वारा तैयार प्रस्तावों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है।
योजना के तहत निम्नलिखित पांच स्थानों पर भूस्खलन उपचार किया जाएगा:
1. मनसा देवी पहाड़ी (हरिद्वार) – कांवड़ यात्रा के वैकल्पिक मार्ग के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण।
2. गलोगी जलविद्युत परियोजना मार्ग (मसूरी)
3. चार्टन लॉज क्षेत्र (नैनीताल)
4. बहुगुणा नगर (कर्णप्रयाग) – जहां भूमि धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
5. खोतिला–घटधार (पिथौरागढ़) – अत्यधिक संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्र।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में दीर्घकालिक समाधान की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
उत्तराखंड को भूस्खलन उपचार के लिए केंद्र से 125 करोड़, मनसा देवी पहाड़ी समेत 5 स्थान होंगे लाभान्वित





