चेन्नई, 12 अगस्त। कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 में लैंडिंग से कुछ देर पहले बाएं इंजन में खराबी आने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलट ने विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया और विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित रहे।
चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान को रात 11:30 बजे लैंड करना था। लेकिन बाएं इंजन के काम नहीं करने की सूचना मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया गया। रात 11:29 बजे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर आवश्यक आपातकालीन व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गईं। विमान के रात 11:37 बजे पहुंचने की उम्मीद थी।
फ्लाइट 6E-723 ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत रनवे-25 पर रात 11:37 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में कुल 224 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। लैंडिंग के बाद आपात स्थिति की औपचारिक घोषणा रात 11:47 बजे वापस ले ली गई और एयरपोर्ट का संचालन सामान्य हो गया।
रिपोर्टों के अनुसार, विमान में बाएं इंजन के खराब होने के साथ तकनीकी समस्या की सूचना मिली थी। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। विमानन सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी मामले पर नजर रख रहे हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता और चालक दल की सूझबूझ से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद कुछ समय के लिए चेन्नई एयरपोर्ट पर आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।





