Thursday, November 13, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

आज पहले कैंची धाम जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, फिर कुमाऊं विवि के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपने एकदिवसीय उत्तराखंड दौरे पर नैनीताल पहुंचेंगी। दौरे के दौरान वह सबसे पहले प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के 15वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सुबह विशेष विमान से पंतनगर हवाई अड्डे पहुंचेंगी, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से सीधे नैनीताल के लिए रवाना होंगी।
नैनीताल पहुंचने पर राष्ट्रपति पहले कैंची धाम मंदिर जाएंगी, जहां वह बाबा नीम करोली महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी और देश-राज्य की खुशहाली की कामना करेंगी। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। स्थानीय श्रद्धालु और पर्यटक सुबह से ही राष्ट्रपति के दर्शन के लिए उत्साहित हैं।

कैंची धाम दर्शन के बाद राष्ट्रपति कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधि और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने भी नैनीताल और उसके आसपास के मार्गों पर यातायात योजना लागू की है ताकि राष्ट्रपति के काफिले को सुगमता से आवाजाही मिल सके।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे से प्रदेश के शैक्षणिक और आध्यात्मिक दोनों क्षेत्रों को नई पहचान मिलेगी।

Popular Articles