डलास (अमेरिका)। अमेरिका में भारतीय समुदाय को दहला देने वाली घटना सामने आई है। डलास शहर में एक भारतीय मूल के व्यक्ति की उसके ही कर्मचारी ने मामूली विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले धारदार हथियार से वार कर उसका सिर धड़ से अलग किया, फिर कटे हुए सिर पर लात मारी और बाद में उसे उठाकर कूड़ेदान में फेंक दिया। इस पूरी वारदात को मृतक की पत्नी और बेटे ने अपनी आंखों से देखा।
वाशिंग मशीन को लेकर विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 40 वर्षीय चंद्र नागमल्लैया के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले थे और डलास में एक मोटल का संचालन करते थे। बुधवार को मोटल का कर्मचारी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज टूटी हुई वाशिंग मशीन का उपयोग कर रहा था। नागमल्लैया ने उसे मशीन का इस्तेमाल करने से मना किया। चूंकि नागमल्लैया अंग्रेजी नहीं बोल पाते थे, उन्होंने यह संदेश एक अन्य कर्मचारी से अनुवाद कराकर दिलवाया। यही बात आरोपी को नागवार गुजरी। उसे गुस्सा आया कि यह बात सीधे उससे क्यों नहीं कही गई।
पत्नी-बेटे के सामने वारदात
गुस्से में भरे कोबोस-मार्टिनेज ने धारदार हथियार से नागमल्लैया पर कई बार वार किया। जान बचाने के लिए नागमल्लैया पार्किंग क्षेत्र से फ्रंट ऑफिस की ओर भागे। इस दौरान उनकी पत्नी और बेटा हमलावर को रोकने के लिए सामने आए, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर हटा दिया। इसके बाद उसने नागमल्लैया का सिर धड़ से अलग कर दिया।
लात मारी और सिर कूड़ेदान में फेंका
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। उसने कटे हुए सिर पर लात मारी और फिर उसे उठाकर कूड़ेदान में फेंक दिया। वहां मौजूद लोग इस खौफनाक दृश्य को देखकर सहम गए।
घटनास्थल से ही हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद कोबोस-मार्टिनेज मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उसका आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही वाहन चोरी और हमले के कई मामले दर्ज हैं।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने चंद्र नागमल्लैया की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। वहीं, इस घटना के बाद अमेरिकी भारतीय समुदाय में गुस्सा और भय का माहौल है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
भारतीय संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और त्वरित न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस ने हत्या के मामले में उसे गंभीर धाराओं में चार्ज किया है।





