एंकोरेज/जूनो। अमेरिका के अलास्का में गुरुवार को एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलटों समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसा पश्चिमी अलास्का के एक दुर्गम इलाके में केप न्यूएनहैम के पास हुआ। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, विमान ने एंकोरेज से उड़ान भरी थी और केप न्यूएनहैम जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान गुरुवार दोपहर केप न्यूएनहैम के पास पहुंचते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह इलाका बेहद दूरस्थ है और यहां एक लॉन्ग रेंज रडार साइट भी स्थित है।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के अलास्का क्षेत्र प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान में छह यात्री और दो पायलट थे। हालांकि, हादसे में सवार लोगों की स्थिति को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना से जुड़ी शुरुआती सूचनाएं अभी प्रारंभिक हैं।
अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर ने विमान हादसे की सूचना मिलने के बाद खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। NTSB, अलास्का स्टेट ट्रूपर्स और अन्य बचाव एजेंसियां घटनास्थल पर कार्रवाई में जुटी हैं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में चुनौती सामने आ रही है।
विमान हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है और आने वाले समय में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





