नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर गोलीबारी कर हमला करने की साजिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों को अमिताभ बच्चन के अलावा दिल्ली के एक कारोबारी को भी निशाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। दोनों को अलग-अलग कार्रवाई के दौरान दिल्ली और मुंबई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, विकास मुंबई से दिल्ली आया था और उसे कारोबारी पर रंगदारी के लिए गोलीबारी करनी थी। वहीं, दीपक को मुंबई में रुककर अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर हमले को अंजाम देने का निर्देश दिया गया था।
1984 के दंगों से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित साजिश के पीछे 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर उनके एक कथित बयान को वजह माना जा रहा है। हालांकि, अभिनेता इस तरह का बयान देने के आरोप से इनकार कर चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को निर्देश कहां से मिल रहे थे और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एक महीने में मिलीं तीन बम धमकियां
अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को पिछले एक महीने में तीन बार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। 23 अक्टूबर, 6 नवंबर और 12 नवंबर को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में जलसा के अलावा मुंबई के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
धमकियों और हमले की साजिश के खुलासे के बाद मुंबई पुलिस ने जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है।
‘बच गए…’ पोस्ट से बढ़ी चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘बच गए…’ लिखकर पोस्ट किया। हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट का कोई संदर्भ स्पष्ट नहीं किया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और विदेशी संपर्कों की जांच कर रही है।





