Thursday, February 19, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अंत्योदय कार्डधारकों को मुफ्त गैस रिफिल अब डीबीटी से, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

प्रदेश सरकार ने अंत्योदय कार्डधारकों के लिए एक अहम निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री अंत्योदय मुफ्त गैस रिफिल योजना के तहत मिलने वाली सुविधा को डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लागू करने का निर्णय लिया है। इससे लाभार्थियों को रसोई गैस सिलिंडर भरवाने के लिए सीधे बैंक खाते में धनराशि मिलेगी। इस योजना से प्रदेश के लगभग 1.84 लाख लाभार्थी परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।

सीएम धामी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजना का लाभ हर अंत्योदय कार्डधारक तक शत-प्रतिशत पहुंचे। साथ ही यह भी व्यवस्था की जाए कि प्राप्त धनराशि का उपयोग केवल गैस सिलिंडर भरवाने में ही हो।

खाद्य सुरक्षा और वितरण पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत सभी लाभार्थियों का डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बायोमीट्रिक समस्याओं के कारण कोई भी वरिष्ठ नागरिक या पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे। ऐसे मामलों में वैकल्पिक प्रणाली या ऑफलाइन प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए।

भंडारण और वितरण प्रणाली पर भी हुए महत्वपूर्ण निर्देश:

  • खाद्यान्न भंडारण क्षमता और गोदामों की स्थिति की समीक्षा कर सुरक्षित और संरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
  • वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
  • ई-पूर्ति पोर्टल पर सभी लेनदेन का डेटा निगरानी में रखा जाए।
  • आधार और मोबाइल OTP आधारित वितरण प्रणाली को और सशक्त किया जाए।
  • फर्जी राशन कार्डों की पहचान कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
  • लापरवाही बरतने वाले डीलरों और अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
  • हर माह सभी कार्डधारकों को समय पर संपूर्ण राशन उपलब्ध कराया जाए।
  • दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में पूर्व-स्टॉकिंग की ठोस व्यवस्था हो।

मिड-डे मील और आंगनबाड़ी केंद्र भी चर्चा में

सीएम ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मिड-डे मील और आंगनबाड़ी केंद्रों को समयबद्ध ढंग से खाद्यान्न की आपूर्ति हो। साथ ही खाद्य शिकायत निवारण प्रणाली पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो।

बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles