रुद्रपुर। शाहरूख खान की आने वाली फिल्म पठान में सनातन धर्म के प्रतीक भगवा रंग का अपमान किये जाने के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर शाहरूख खान का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने पठान फिल्म पर उत्तराखण्ड में प्रतिबंध लगाने की मांग की। मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता डीडी चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने पठान फिल्म, अभिनेता शाहरूख खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शाहरूख खान का पुतला फूंका गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शाहरूख खान निर्देशित फिल्म पठान में भगवा रंग का अपमान किया गया है। फिल्म में दीपिका पादुकोण भगवा रंग की बिकनी पहने हुए नजर आ रही हैं और भगवा रंग को बेशर्म रंग बताया गया है। फिल्म में भगवा रंग का अपमान करके हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचायी गयी है। कहा कि इससे पहले भी शाहरूख खान, सलमान खान और अमीर खान समय समय पर अपनी फिल्मों में हिंदु संस्कृति का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने उत्तराखण्ड में पठान फिल्म पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की। अगर फिल्म प्रदर्शित की जाती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। किसी भी सूरत में फिल्म को चलने नहीं दिया जायेगा। पुतला फूंकने वालों में विपिन शर्मा, राजू बिष्ट, सुल्मान सिंह, सुधीर देवल, अजय पाल, विनोद कोली, अखिलेश, मुनीष, राहुल मंडल, रविन्द्र पाल सिंह, विरेंद्र सिंह यादव, राजेन्द्र सिंह मेहरा,संतोष दिवाकर, दीपक कश्यप, मनीष कश्यप, अमित चन्द्रा, मुकेश मौर्य, मनीष आदि शामिल थे।