रुद्रपुर। यहां स्वतंत्रता सेनानी व तराई के संस्थापक स्व.राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज में आयोजित शुक्ल की जयंती पर राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह पहुंचे। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी शुक्ल को श्रद्धांजलि देते हुए स्व शुक्ल के योगदान की सराहना की।
कहा कि उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह काम करने का ढंग है। ऐसे में भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता है। संकल्प के साथ देश व समाज हित को ध्यान में रखकर कार्य करना होगा। हमे अपनी धरोहर को नहीं भूलना नहीं चाहिए। पूर्वजों ने तराई में जंगल को काटकर उपजाऊ भूमि बनाया है। मेहनत में कोई कमी नहीं की। उन्होंने कहा कि पंत विवि की कृषि शोध की पहचान दुनिया में है। हरित क्रांति विवि की देन है। विवि से उम्मीद है कि अगली क्रांति बीज, ऑर्गेनिक खेती में होगी। इसके लिए विवि के विज्ञानियों में काबिलियत हैं। उन्होंने कहा कि केदार धाम से प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगला दशक उत्तराखंड का होगा। दुनिया में तराई की पहचान है। यहां सिडकुल ने उद्योगों को जन्म दिया है। फसल उत्पादन भी जबरदस्त है। उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले तराई को जिन 25 परिवारों ने बसाया है। इनके लोगों से मिलना चाहूंगा। जब दोबारा यहां आएंगे तो इन सभी से मिलूंगा। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने रोडवेज के पास स्वतंत्रता सेनानी शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी स्वतंत्रता सेनानी शुक्ल को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में जल्द ही एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। कार्यक्रम की शुरुआत और समापन राष्ट्रगान से हुआ। संचालन आकांक्षा शुक्ला ने किया। इस मौके पर रुद्रपुर मेयर रामपाल सिंह, किच्छा के पूर्व विधायक व कार्यक्रम संयोजक राजेश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, रुद्रपुर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, राम प्रकाश गुप्ता, उत्तम दत्ता, तरुण दत्ता, अनिल चौहान, सुशील चौहान, डीएन मिश्रा, मनीष शुक्ला, ललित बिष्ट आदि मौजूद थे।
एसओ पुलभट्टा भट्ट समेत कई लोगों को सम्मानित किया
राज्यपाल ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रगतिशील चौधरी सत्येंद्र सिंह, अपराध में कई केसों का पर्दाफाश करने वाले पुलभट्टा थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, कोरोना काल में मरीजों की सेवा करने पर जिला अस्पताल की एएनएम दीपा जोशी, गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी नानकमत्ता के अध्यक्ष व पूर्व आईएएस हरबंश सिंह चुघ, उद्यमी वीरेंद्र जिंदल, अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार व सीएचसी किच्छा के सर्जन अश्वनी चौबे को स्मृति चिन्ह व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मंच के पास पहुंचा व्यक्ति, रोके जाने पर हंगामा, पुलिस के छूटे पसीने
मेडिकल कालेज में आयोजित राज्यपाल के कार्यक्रम में एक व्यक्ति पहुंच गया और उसने रोके जाने पर हंगामा शुरू कर दिया। उसके हंगामा करने पर वहां तैनात पुलिस कर्मियों और खुफिया विभाग कर्मियों में हडक़ंप मच गया। मंच के पास मौजूद दरोगा विपुल जोशी ने उस व्यक्ति को रोका और वहां से हटाया। बताया जाता है कि वह मंच के पास तक आ पहुंचा। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह अनाप शनाप बोलने लगा। यह देखकर पुलिस के पसीने छूट गये। भाजपा नेता उक्त व्यक्ति को मंच से दूर ले जाने लगे। राजेश शुक्ला भी उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसे समझाया। वहीं दूसरी ओर राज्यपाल के कार्यक्रम में मंच के पास तक उस व्यक्ति की एंट्री को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर एसपी सिटी मनोज कत्याल से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वह मामले में जानकारी ले रहे, वहां ड्यूटी पर किसकी तैनाती है।