हल्द्वानी। नगर में चोरों ने एक बार फिर अपना आतंक मचाना शुरू कर दिया है। इस बार चोर एक घर से हजारों की नगदी व अन्य सामान ले उड़े। पीडि़त ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। ग्राम हरिपुर केशव दत्त, हाथीखाल, गोरापड़ाव निवासी त्रिलोक राम ने बताया कि बीती रात उनका परिवार खाना खाने के बाद सो गया। परिवारजनों की नींद का फायदा उठाकर देर रात चोरों ने घर में धावा बोल दिया। चोर खिड़की के ऊपर बनी स्लैब के रास्ते अंदर घुसे और चार हजार रूपये की नगदी के अलावा तीन घडिय़ां, दो मंगलसूत्र और दो मोबाइल फोन ले उड़े। घटना का पता प्रात: परिवारजनों के जागने पर चला। प्रात: जगे परिजनों ने सामान गायब देखा तो पैरोंतले जमीन खिसक गई। पीडि़त ने पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। यहां बता दें कि नगर में इन दिनों चोरों ने अपना आतंक मचाया हुआ है। चोर आए दिन किसी न किसी घर अथवा प्रतिष्ठान को अपना निशाना बना रहे हैं। लेकिन पुलिस चोरों को गिरफ्तार कर पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। जिसके चलते चोरों के हौंसले बुलंद हैं और वह आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत बनी हुई है।
पूर्व में हुई घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं
नगर में पूर्व में घटित कई चोरियों का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। पीडि़त चोरियों के खुलासे को लेकर पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन पुलिस उन्हें कोरे आश्वासन देकर चलता कर दे रही है। इस कार्यप्रणाली के चलते लोगों के मन में पुलिस के प्रति आक्रोश पनप रहा है।