रुद्रपुर। रिश्तेदारी में शोक प्रकट करने गए रोडवेज चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं। परिजनों ने मृतक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार को रोडवेज डिपो टनकपुर में चालक पद पर कार्यरत बिंदुखेड़ा निवासी 50 वर्षीय गुरचरण सिंह अपने किसी रिश्तेदारी में किसी की मृत्यु हो जाने पर शोक प्रकट करने नानकमत्ता गए थे। वहां से वापस लौटते समय में वह पास के ग्राम भट्टा झनकट निवासी अपने परिचित कृपाल सिंह के यहाँ रात में रुक गया। परिजनों के मुताबिक सोमवार को कृपाल सिंह ने फ़ोन कर बताया कि गुरचरण सिंह छत से गिर गया है और चोटिल हो गया है। जिस पर गुरचरण सिंह का बेटा गांव पंहुचा। उसके पिता एक कमरे में मृत पड़े हुए थे और उनके सिर व शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों के अनुसार कृपाल सिंह ने बताया कि गुरचरण सिंह रविवार को छत से गिर गया था। जबकि उसने उनके गिरने की सूचना सोमवार को दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बताया जाता है कि सूचना पर नानकमत्ता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव रुद्रपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। उधर परिजन भी मामले में तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी। परिजनों की ओर से भी को तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।