रुद्रपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर निगम के नगर आयुक्त से मुलाकात कर फ्रीहोल्ड की फाइलों के निस्तारण में निगम के कर्मचारियों की बेवजह देरी करने पर नाराजगी जताई,साथ ही कहा कि अगर इसी तरह से फाईलो का निस्तारण होता रहा तो वर्षो में भी शहर के लोगो को फ्रीहोल्ड का लाभ नही मिल पाएगा।
सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में अनेकों व्यापारियों ने नगर आयुक्त विशाल मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि इस समय राज्य सरकार द्वारा फ्रीहोल्ड की कार्रवाई चल रही है लेकिन निगम द्वारा सैकड़ों फाइलों को दबाया हुआ है, जिसको निगम ना तो आम व्यापारी को दिखा रहा है और ना ही उसका निस्तारण कर रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि निगम के कर्मचारी शहर वासियों को बेवजह निगम में चक्कर कटवा रहे हैं इससे यह साबित होता है कि कि निगम के अधिकारी व्यापारियों का व आम जनता का उत्पीडऩ कर रहे हैं,जो लोग निगम के कर्मचारियों की शर्ते पूरी कर रहे हैं सिर्फ उन्हीं का ही काम हो रहा है ।
व्यापारियों ने नगर आयुक्त विशाल मिश्रा को बताया कि सभी फाइलों को सूचीबद्ध कर निगम में चस्पा करना चाहिए जिससे आम व्यक्ति को पारदर्शी तरीके से पता चल सके कि फाइलों की स्थिति क्या है। नगर आयुक्त ने समस्या सुनकर आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश बंसल, नगर महामंत्री हरीश अरोरा, नगर युवा महामंत्री पवन गाबा, राजकुमार सीकरी, अजय पुंशी, सागर छाबड़ा आदि व्यापारी मौजूद थे।