रुद्रपुर। शहर में जीएसटी अधिकारियों द्वारा व्यापारियों की दुकानों पर सर्वे के नाम पर की जा रही छापे के विरोध में व्यापारियों ने छापेमारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और राज्य कर विभाग का पुतला फूंका। गुरुवार को व्यापार मण्डल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी मुख्य बाजार मोड़ पर एकत्र हुए। इस दौरान व्यापारियों ने छापेमारी का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और राज्य कर विभाग का पुतला फूंका। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र ने सहायता देनी बंद कर दी तो राज्य कर विभाग को अवैध वसूली में लगा दिया।
व्यापारियों में भय पैदा किया जा रहा है। लगातार छापे मारे जा रहे हैं। व्यापारी पांच साल से नियमित रूप से टैक्स दे रहा है। इसके बावजूद व्यापारियों का उत्पीडऩ किया जा रहा है। जुनेजा ने कहा कि व्यापारी शांतिपूर्वक व्यापार कर रहा है। व्यापारियों को परेशान किया गया तो इसका अंजाम बुरा होगा। हिटलरशाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जीएसटी के नाम पर व्यापारियों को परेशान करना बंद नहीं किया गया तो अनिश्चित कालीन बाजार बंद किया जायेगा। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मण्डल महामंत्री हरीश अरोरा, मनोज छाबड़ा, सोनू खुराना, पवन गावा, हर्ष रावल, आशीष ग्रोवर, विशाल, इन्द्रजीत सिंह, मोनू बंसल, गुरूविंदर सिंह, हरपिंदर सिंह, शम्मी, राजकुमार आदि व्यापारी मौजूद थे।