रुद्रपुर। दहेज में कार और दस लाख रूपये की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताडि़त कर रहे ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दुधमुंही बच्ची को मां से छीन लिया और विवाहित को घर से निकाल दिया। इस मामले में विवाहिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पंतनगर क्षेत्र की निवासी एक महिला ने महिला हेल्पलाईन में शिकायती पत्र देकर कहा कि उसका विवाह 21नवम्बर 2021 को मोहम्मद अफजल अंसारी निवासी मीरपुर, बाहनपुर,बीसलपुर, जिला पीलीभीत यूपी के साथ हुआ था। दहेज में हैसियत के अनुसार दान दहेज और पांच लाख रूपये नगद भी दिया। लेकिन ससुरालियों की दहेज की भूख कम नहीं हुयी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति मो. अफजल, ससुर मो. आमीन, नन्दोई मोबिन, देवर मो. आजिम, देवर मो.कलीम, नन्द साजिदा, छोटी ननद नाजिया कम दहेज लाने को लेकर प्रताडि़त करने लगे। मायके से 10 लाख नकद और कार लाने का दबाव बनाने लगे। पीडि़ता ने बताया कि उसका पति मुम्बई में बिजनेस करते हैं विवाह के कुछ समय बाद जब वह अपने पति के साथ मुम्बई गयी तो वहां पता चला कि पति के अपनी बिजनेस पार्टनर महिला से अवैध सम्बंध हैं। पति ने मुम्बई में भी उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दी। 18अगस्त 2022 को उसने एक पुत्री को जन्म दिया। पुत्री होने पर ससुराल वालों का व्यवहार और क्रूर हो गया।ससुराल वालों ने उसे मार-पीट कर पुत्री के साथ घर से निकाल दिया। जब तक 10 लाख रूपये एवं कार नहीं लेकर आयेगी यहाँ मत आना। वह मायके आकर रहने लगी। 26सितम्बर 2022 को पति का फोन आया बच्चे को लेकर घर आने को कहा। वह भरोसा करके 27सितम्बर 2022 को अपनी मां और एक माह की दुधमुही बच्ची को लेकर ससुराल पहुंच गयी। वहां घर के बाहर से ही पुत्री को ससुराल वालों ने छीन लिया। गाली गलौच कर वहांं से भगा दिया।पीडि़ता ने दहेज लोभी ससुरालियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अबोध बच्ची को वापस दिलाने की गुहार लगायी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।