रुद्रपुर। शहर में जगह-जगह जलभराव, बदहाल सफाई व्यवस्था और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर महानगर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और मेयर का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसियों ने व्यवस्थायें नहीं सुधरने पर नगर निगम में हल्ला बोल की चेतावनी दी। सोमवार को महानगर कांग्रेस के आहवान पर कांग्रेसी डीडी चौक पर एकत्र हुए। यहां पर कार्यकर्ताओं ने शहर में जलभराव, भीषण गंदगी, अधूरे निर्माण कार्य, बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की और मेयर का पुतला फूंका। इस मौके पर भाजपा सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने नगर निगम प्रशासन और मेयर पर कई आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के चलते हल्की सी बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है। नगर निगम नाले नालियों की तली झाड़ सफाई के हर बार खोखले दावे करता है,लेकिन हकीकत कुछ और ही होती है। बरसात का सीजन बीतने को है,लेकिन अभी तक शहर के तमाम नाले नालियों की तली झाड़ सफाई अभी तक नहीं हो पायी है जिसका खामियाजा बस्तियों में रह रहे लोगों को जलभराव के रूप में भुगतना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था बदहाल है। बस्तियों में महामारी का खतरा बना हुआ है।शहर में विकास कार्य ठप पड़े हैं। नगर निगम ने कई विकास कार्यों को अधूरा छोड़ रखा है। मलिन बस्तियों के लोग सडक़,पानी, जैसी मूलभूत सुविधााओं के लिए तरस रहे हैं। कांग्रेसियों ने कहा कि अगर शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था व अधूरे कार्य पूरे नहीं कराये गये तो नगर निगम में हल्लाबोल आंदोलन किया जायेगा। पुतला फूंकने वालों में अध्यक्ष सीपी शर्मा, कैलाश राठौर, अशफाक, अबरार अहमद, सपना गिल, उमा सरकार, सुनील आर्या, फरीद मंसूरी, गोला, असीत बाला आदि कांग्रेसी मौजूद थे।