रुद्रपुर। देहरादून पुलिस लाईन रेसकोर्स में आयोजित उत्तराखंड पुलिस सम्मान समारोह में रूद्रपुर के सीपीयू कांस्टेबल दीपक भट्ट को राज्यपाल ने उत्तराखण्ड पुलिस गौरव सम्मान से सम्मानित किया।
बता दें कि 19 सितम्बर को दीपक भट्ट ने घर से ड्यूटी पर आते वक्त रास्ते में सडक़ पर गिरे पड़े एक घायल को अस्पताल पहुंचाया था। जो कि कार की टक्कर से बुरी तरह से घायल हो गया था। सीपीयू कर्मी द्वारा घायल को अस्पताल पहुंचा कर उसकी जान बचाई। इतना ही नहीं घायल के परिजनों की जानकारी जुटा सूचना दी। उक्त सराहनीय कार्य का संज्ञान लेते हुए पुलिस मुख्यालय और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप ने सीपीयू कर्मी दीपक भट्ट का चयन उक्त सम्मान के लिए किया था। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने अन्य पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के साथ दीपक भट्ट को भी मंच पर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खैर ने भी अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, हंस फाउंडेशन प्रमुख माता मंगला, भोले जी महाराज, ‘टाइम्स ग्रुप’ के वाइस प्रेसिडेंट धनुष वीर सिंह भी मौजूद रहे।