रुद्रपुर। भगवानपुर और दानपुर के बीच बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात को बाइक में तीन युवक रुद्रपुर से गदरपुर की ओर जा रहे थे। वह दानपुर और भगवानपुर के बीच पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रही अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर एकत्रित राहगीरों को देख आरोपी चालक मौके से भाग गया। यह देख चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर एसएसआइ अर्जुन गिरी गोस्वामी, आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी एसआइ अशोक कांडपाल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसआइ अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि मृतक की पहचान रम्पुरा निवासी 20 वर्षीय आकाश कोली पुत्र नेम चन्द्र हुई। उन्होंने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। घायलों में आदेश पुत्र सूरज व संजीव पुत्र नाथीराम है। इन दोनों घायलों की भी हालत गंभीर है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।