हल्द्वानी। काठगोदाम डिपो में चालक-परिचालकों को ड्यूटी रेस्ट (डीआर) न दिये जाने के विरोध में रोडवेज संयुक्त मोर्चा से जुड़े कर्मचारियों ने एआरएम का घेराव किया। उन्होंने डिपो प्रबंधन पर एमवी एक्ट के तहत ड्यूटी न लिये जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया।
रोडवेज संयुक्त मोर्चा से जुड़े कर्मचारियों ने शुक्रवार को डिपो एआरएम का घेराव किया। इस दौरान उनका कहना था कि चालक-परिचालकों से लंबी दूरी के मार्गांे पर एमवी एक्ट के तहत ड्यूटी नहीं ली जा रही है। काठगोदाम-चंडीगढ़ रूट पर 14 घंटे की यात्रा एक ही चालक से करवाई जा रही है। दिल्ली मार्ग पर वाहन अप-डाउन सेवा के तहत चलाये जा रहे हैं। एक ही चालक 16 घंटे की ड्यूटी कर रहा है, वहीं डिपो प्रबंधन ऐसे चालक-परिचालकों के ड्यूटी रेस्ट काट रहा है। बाद में मोर्चा से जुड़े पदाधिकारियों ने काठगोदाम डिपो प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
बसें चल रही अपडाउन तो डीआर कैसे करेंगे खत्म!
हल्द्वानी। कुमाऊं के ही रोडवेज डिपो ड्यूटी रेस्ट को लेकर अलग-अलग नियम चल रहे हैं। हल्द्वानी डिपो में डीआर नहीं दिया जाता लेकिन काठगोदाम डिपो में यह व्यवस्था पहले से ही चल रही है लेकिन अब इसे खत्म करने से रोडवेज कर्मी भडक़ उठे हैं। रोडवेज सूत्रों के अनुसार काठगोदाम डिपो की बसें दिल्ली रूट पर अपडाउन कर रही हैं। नियमानुसार अपडाउन वाली बस सेवा में डीआर जरूरी है लेकिन निगम प्रबंधन अपने मनमाफिक इस व्यवस्था को चला रहा है।