देहरादून। दून विश्वविद्यालय में तीसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विवि में 669 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगी। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों और शिक्षकों की मदद से किया जाएगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि राइजिंग नारी शक्ति की थीम पर आयोजित समारोह आज (शुक्रवार को) दोपहर दो बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए विवि की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान 2021 बैच के स्नातक और परास्नातक के 653 और पीएचडी के 16 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति डिग्री प्रदान करेंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारी बांट दी गई हैं। साथ ही बृहस्पतिवार को कई बार कार्यक्रमों की रिहर्सल भी की गई। दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड की ऐसी महिलाओं से संपर्क करेंगी, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विषम परिस्थिति होने के बावजूद भी विशेष उपलब्धि प्राप्त की।