नैनीताल। सरोवर नगरी का मौसम मंगलवार से को सुहावना बना है। पूरे दिन धूप खिली रही। विभिन्न शहरों से पहुंचे सैलानियों ने मौसम के साथ नगर के नैसर्गिक पर्यटन स्थलों का लुत्फ उठाया। मौसम सुहावना होने के कारण नगर के पर्यटन स्थलों में चहल पहल नजर आई। शहर की मालरोड पूरी तरह सैलानियों से गुलजार नजर आई।
इन दिनों सरोवर नगरी में बंगाली व गुजराती सैलानी अधिक संख्या में पहुंचे हुए हैं। जिस कारण नगर में रौनक है। स्नोव्यू , चिडिय़ाघर, केव गार्डन, हिमालय दर्शन व अन्य समीपवर्ती पर्यटन स्थलों में सैलानियों की पूरे दिन आवाजाही रही। जिससे पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हुए नजऱ आए। दिन के समय धूप खिले रहने के बावजूद सुबह और शाम की ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। सुबह शाम की ठंड से राहत पाने के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगो को हीटर व आग का सहारा लेना पड़ रहा है। वही एकाएक ठंड बढते ही गर्म ऊनी कपड़ों की बिक्री भी बढ़ गई है। जी आई सी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।