हल्द्वानी। गौला नदी में सिल्ट आने का क्रम जारी है। इस कारण शुक्रवार को भी करीब तीन घंटे जलापूर्ति ठप रही। फिल्टर प्लांट को आपूर्ति न होने से आज शाम भी शहर के अधिकांश हिस्सों में पेयजलापूर्ति प्रभावित रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गौला नदी में जबर्दस्त सिल्ट पहुंच रही है। इस सप्ताह भर में गौला बैराज से फिल्टर हाउस की जलापूर्ति तमाम बार प्रभावित हुई। इसके कारण गौला के पानी पर निर्भर हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर शुक्रवार को भी सिल्ट के कारण सुबह 10.30 बजे से दोपहर एक बजे तक जलापूर्ति ठप रही। जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि आज शाम भी तमाम क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं बिठौरिया, दमुवाढूंगा, लालडांठ, कुसुमखेड़ा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। इन क्षेत्रों में 15 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका प्रमुख कारण गौला से पानी की नियमित आपूर्ति न होना है। आज गौला का जलस्तर 1011 क्यूसेक रिकार्ड किया गया।