हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़ी महिलाओं ने जज फार्म गेट के पास कूड़ा डंपिंग जोन बनाये जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि डंपिंग जोन बनाये जाने से व्यवसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। दुर्गंध आदि से राहगीरों का चलना दुश्वार हो रहा है।
व्यापार मंडल की महिला इकाई की जिलाध्यक्ष कुसुम दिगारी व महामंत्री उर्वशी बोरा के नेतृत्व में तमाम व्यापारी शुक्रवार को जज फार्म गेट के पास एकत्र हुईं। इस दौरान उन्होंने वहां बनाये गये कूड़ा डंपिंग क्षेत्र के पास प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि जहां कूड़ा डंप किया जा रहा है, वहां आवासीय क्षेत्र के साथ ही व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं। दुर्गंध आदि से जहां व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं वहीं राहगीरों का चलना दुश्वार हो गया है। उन्होंने चेताया कि यदि शीघ्र यहां कूड़ा डंप करना बंद न किया गया तो मेयर का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में ममता बिष्ट, ज्योति मेहता, सुरभि मेहरोत्रा, विनीता शर्मा, मीना शर्मा, गीता बिष्ट, मीना सेठ, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सौरभ भट्ट, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, पवन वर्मा, संदीप सक्सेना आदि शामिल थे।