हल्द्वानी। शहर में कल गुरुवार को विशाल महिला कार रैली निकाली जाएगी। इसमें 501 महिलाएं वाहन समेत प्रतिभाग करेंगी। रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए रैली आयोजक प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल महिला इकाई के पदाधिकारियों ने बताया कि हरि शरणम जन की ओर से शहर में भक्ति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर महिला कार रैली की जिम्मेदारी संगठन को मिली है। व्यापार मंडल महिला इकाई की जिलाध्यक्ष कुसुम दिगारी ने बताया कि कल बुधवार को अपराह्नï तीन बजे एफटीआई मैदान से रैली प्रारंभ होगी, जो गांधी इंटर कालेज, मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, स्टेडियम चौराहा, तिकोनिया होते हुए कार्यक्रम स्थल एमबी इंटर कालेज के मैदान में पहुंचेगी। रैली में महिलाएं शक्ति प्रदर्शन करेंगी। रैली में महिलाएं ट्र्रैक्टर चलाने के साथ ही ई-रिक्शों के साथ हिस्सा लेंगी। इसके अलावा कारों का काफिला भी रैली में शामिल होगा, इसका संचालन महिलाएं करेंगी। प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल की प्रदेश मंत्री शांति जीना, उर्वशी बोरा, अरुणा टंडन, विनीता शर्मा, ममता बिष्ट, ज्योति मेहता, सिद्धि सुयाल, गीता बिष्ट, प्रियंका शर्मा आदि मौजूद थे। इधर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महामंत्री हर्षवर्धन पांडे व महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने मातृशक्ति से रैली में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है।