हल्द्वानी। पुलिस ने पूनम अल्का सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरे घर की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। जबकि घर में पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। काठगोदाम नैनीताल रोड निवासी पूनम की बीते आठ नवंबर को मौत हो गई थी। वह कैंसर से पीडि़त थी। उनकी मौत के बाद शव पर दो लोगों ने दावा ठोंका। जिसके बाद से शव पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा है। शव पर पहला दावा खुद को पूनम का पति कहने वाले राजू डेनियल और बेटा बताने वाले सन्नी ने दावा ठोंका। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष दोनों साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए। जिसके बाद सिटी मजिट्रेट ऋचा सिंह ने शनिवार तक का वक्त दिया। शनिवार को सन्नी ग्राम प्रधान द्वारा लिखित एक पत्र और डेनियल शादी के सर्टिफिकेट की फोटो कॉपी लेकर पहुंचा। खुद को राजू डेनियल बताने वाले का नाम आधार कार्ड में डेनियल युनुस मसीह था। जिसके चलते सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों के दावे खारिज कर दिए। मामले में पादरी की गवाही भी हुई और पादरी ने बताया कि पूनम ने चर्च में सदस्यता ली थी। जिस पर यह माना गया गया कि पूनम ने ईसाई धर्म अपना लिया था। सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर काठगोदाम पुलिस ने अल्का पूनम के शव को सुपुर्दे खाक किया। इधर अब पुलिस ने अल्का पूनम के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि पूरे घर की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। साथ ही पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई है। एसएसपी पंकज ने बताया कि पूनम के घर में रखे दोनों असलेह काठगोदाम थाने में जमा करा दिए हैं