हल्द्वानी। नगर निगम के सफाई कर्मियों की कामबंद हड़ताल छठें दिन भी जारी रही। वहीं निगम प्रशासन शहर भर से कूड़ा उठाने में जुटा हुआ है। कुछ वार्डांे में भी डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए वाहन भेजे गये हैं। इधर इस मामले में आज हाईकोर्ट में भी सुनवाई होनी है।
अस्थायी सफाई कर्मियों को शासन से तय 500 रुपये रोज के हिसाब से मानदेय दिये जाने की मांग को लेकर निगम के सफाई कर्मचारी इन दिनों हड़ताल पर हैं। निगम में करीब 700 ऐसे कर्मचारी जिन्हें जीओ के अनुसार मानदेय दिया जाना है। इधर बुधवार को संयुक्त मोर्चा नगर निगम से जुड़े सफाई कर्मियों ने निगम परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस बीच मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है, मोर्चा की ओर से भी अपना पक्ष रखा जाएगा। वहीं निगम प्रशासन शहर के डंपिंग जोनों से निजी वाहनों के जरिए कूड़ा उठाने में जुटा हुआ है। सफाई निरीक्षक अमोल असवाल ने बताया कि शहर के 15 से अधिक वार्डांे में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहन भेजे गये हैं।