हल्द्वानी। जमीन विक्रय के ऐवज में दिए गए चेक बाउंस होने पर महिला को नोटिस भिजवाना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। महिला के पति ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। अब पीडि़त पुलिस की शरण में पहुंचा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी तहरीर में देवेन्द्र कुमार पुत्र नवीन चन्द्र निवासी ग्राम प्रेमपुर लोशज्ञानी ने कहा है कि उसने एक प्लाट मालती देवी पत्नी विनोद कुमार निवासी न्यू बजेटी, पपदेव रोड, पिथौरागढ़ को 19.154 लाख में विक्रय किया। इसके ऐवज में महिला ने उसे चेक दे दिए। यह चेक जब उसने बैंक में लगाते तो वह बाउंस हो गए। इस पर उसने अधिवक्ता के माध्यम से मालती को नोटिस भिजवा दिया। इससे बौखलाए महिला के पति विनोद कुमार ने फोन पर उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पीडि़त ने आरोपी से जानमाल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।