हल्द्वानी। राज्य आंदोलनकारियों ने मसूरी गोलीकांड के शहीदों को याद कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने खटीमा व मसूरी गोलीकांड के दोषियों को सजा न मिलने पर रोष भी जताया। चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति से जुड़े आंदोलनकारी शुक्रवार को तिकोनिया स्थित लोनिवि के गेस्ट हाउस में एकत्र हुए। इस दौरान शहीद राज्य आंदोलनकारियों को याद किया गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार पलायन रोकने में नाकाम रही है, अब तक गैरसैंण को स्थायी राजधानी नहीं बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश में हुए भर्ती घोटाले की जांच कर बेरोजगारों को उनका हक दिलाने की मांग भी उठाई। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में समिति के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, मोहन पाठक, विशंभर कांडपाल, कैलाश तिवारी, भुवन जोशी, बृजमोहन सिजवाली, सुशील भट्ट, किशन सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।