हल्द्वानी/नैनीताल। साइबर ठग अब पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर काल कर रहे हैं। आलम यह है कि वह खुद को कोषागार कर्मी तक बताने से नहीं चूक रहे हैं। इस संबंध में मुख्य कोषाधिकारी दिनेश कुमार राणा ने जिले भर के पेंशनरों को जागरूक किया है। पेंशन की निरंतरता के लिए पेंशनरों को हर साल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराना होता है। इसके लिए वयोवृद्ध पेंशनर खासे परेशान रहते हैं। ऐसी स्थिति को भांपते हुए साइबर ठग जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर पेंशनरों को काल कर रहे हैं। वह खुद को कोषागार कार्मिक बताते हैं। मुख्य कोषाधिकारी के अनुसार कोषागार से पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र के लिए किसी तरह का काल नहीं किया जाता है। यदि ऐसा कोई काल आता है तो संबंधित व्यक्ति के साथ अपनी कोई जानकारी साझा न करें। मुख्य कोषाधिकारी राणा के मुताबिक ऐसी कई शिकायतें उन्हें मिली हैं। हालांकि अब तक किसी मामले में ठगी की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि पेंशनरों को काल की जा रही हैं। काल करने वाले व्यक्ति पेंशनरों से विभिन्न जानकारी मांग रहे हैं। यह लोग साइबर ठग हो सकते हैं। उन्होंने इस तरह की कॉल आने पर इसकी जानकारी कोषागार या नजदीकी साइबर थाने में देने की अपील भी की है।