हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले के कप्तानों की घोषणा के बाद जिले में कार्यकर्ताओं द्वारा जश्न का माहौल है। पार्टी द्वारा नैनीताल जिले के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रताप बिष्ट को सौपी गयी। भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष युवा हैं और संगठन के कई दायित्वों का निर्वाह कर चुके हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है उसका ईमानदारी से निर्वहन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा और सभी को साथ लेकर आगामी चुनावों में भाजपा का दमदार प्रदर्शन रहेगा। वरिष्ठ भाजपा नेता व पार्षद प्रमोद तोलिया ने अपने निवास पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट का मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया। इस मौके पर युवा भाजपा नेता अंकित तोलिया व प्रदेश प्रवक्ता हेमंत दिवेदी ने भी उनका स्वागत किया।प्रताप बिष्ट के जिलाध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में मिष्ठान वितरण कर जश्न मनाया।
कार्यकर्ताओं ने प्रताप बिष्ट को जिलाध्यक्ष बनाने पर संगठन का आभार जताया और कहाँ कि उनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। इस मौके पर वरिष्ठ नेता दिनेश आर्या, मंडल महामंत्री प्रताप सिंह रेकवाल, पार्षद मधुकर श्रोत्रिय, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष गीता जोशी, कमल जोशी,चंद्र सिंह भंडारी, कैलाश भगत, चंद्रप्रकाश तिवारी, प्रज्ञान भारद्वाज आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।