हल्द्वानी। नगर निगम प्रशासन को बैंणी सेना को यूजर चार्ज वसूलने की जिम्मेदारी सौंपने के बावजूद खुद वसूली के लिए हाथ-पैर मारने पड़ रहे हैं। नगर आयुक्त ने बाजार क्षेत्र का दौरा कर व्यापारियों से कूड़ा कलेक्शन चार्ज अवश्य देने की हिदायत दी। इस बीच निगम की टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।
नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय व सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बुधवार पूर्वाह्नï बाजार क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान पटेल चौक के दुकानदारों से कूड़ा निस्तारण संबंधी जानकारी ली गई। पता चला कि निगम के सफाई कर्मी कूड़ा लेकर जाते हैं और वहीं इसका शुल्क भी लेते हैं। ऐसे में अब बैंणी सेना के वसूली करने से भी नई मुसीबत आई है। इसी के मद्देनजर निगम की टीम बैंणी सेना को साथ लेकर वसूली को बाजार पहुंची। इस बीच सफाई निरीक्षक चतर सिंह ने बताया कि दर्जन भर व्यापारियों का 3350 रुपये का चालान किया गया। इनमें तमाम व्यापारी ऐसे थे जिन्होंने कूड़ा बाहर फेंकने की जानकारी दी थी।
नगर निगम बोर्ड की बैठक अंबेडकर पार्क दमुवाढूंगा में 22 को होगी
हल्द्वानी। नगर निगम बोर्ड की बैठक इस बार खुद के भवन के बजाय दमुवाढूंगा के अंबेडकर पार्क में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने दी। निगम बोर्ड बैठक 22 नवंबर को पूर्वाह्नï 11 बजे से अंबेडकर पार्क के कम्यूनिटी हॉल में होगी। निगम प्रशासन पहली बार निगम से बाहर बैठक आयोजित करा रहा है। बैठक में निगम के वर्ष 2022-23 का बजट पास करने के साथ ही ट्रेड लाइसेंस की तिथि बढ़ाये जाने, नई कार्यकारिणी समिति का गठन, सिटी फारेस्ट के लिए एक करोड़ निर्गत किये जाने, सीसी टीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस विभाग को 40 लाख दिये जाने, शीशमहल में 1.70 करोड़ से जनमिलन केंद्र बनवाने, तिकोनिया पंत पार्क का सौंदर्यीकरण किये जाने जैसे 12 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।