हल्द्वानी। इंदिरानगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर कूड़े के ढेर लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि आये दिन कूड़े से धुआं उठने के कारण लोगों को बीमारियां फैलने का खतरा बना है। कूड़े से दुर्गंध उठने के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। वहीं नगर निगम प्रशासन इस मामले में ठोस उपाय नहीं कर पा रहा है। इस पर विधायक सुमित ने मौके से ही सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन से वार्ता की और अव्यवस्था पर खासी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्टï किया कि 15 दिन के भीतर कूड़ा निस्तारण सही से नहीं किया गया तो वह स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम में धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे। गौरतलब है कि इंदिरानगर में ट्रंचिंग ग्राउंड में आये दिन शरारती तत्वों के आग लगा दिये जाने से लोगों के साथ ही निगम प्रशासन भी परेशान हैं। तमाम बार निगम ने टैंकरों से पानी भिजवाकर आग बुझाई है। इसके बावजूद निगम प्रशासन आग लगाने वालों से सख्ती से नहीं निपट पा रहा है। इस वजह से आये दिन धुआं उठने के कारण आसपास के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।