हल्द्वानी। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे की मुहिम चलाई है। इसके तहत स्टॉल इन मॉल कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के हथकरघा उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। देहरादून स्थित नाबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में दो सितंबर से दो अक्टूबर तक स्टॉल इन मॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कुमाऊं के नैनीताल जिले से गिरिजा बुटिक एवं महिला विकास संस्था व गढ़वाल मंडल से भारतीय ग्राम उत्थान संस्था ऋषिकेश भी इस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रही है। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ नाबार्ड के महाप्रबंधक भास्कर पंत ने किया। इस मौके पर गिरिजा बुटिक एवं महिला विकास संस्था की अध्यक्ष गीता सत्यवली ने नाबार्ड की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की यह बेहतरीन पहल है।