हल्द्वानी। नगर निगम के नाला सफाई अभियान में लापरवाही उजागर हुई है। गंदगी से भरे पड़े जेल रोड चौराहे वाले नाले को देखकर इसकी पुष्टिï भी हो रही है। निगम प्रशासन ने अब इस नाले की सफाई के लिए कर्मचारी लगा दिए हैं।
नगर निगम प्रशासन हर साल लाखों रुपये खर्च कर शहर के बड़े-छोटे नाले व नालियों की सफाई करवाता है। इसके बावजूद हर बार बरसात में शहर में जगह-जगह जलभराव होता रहा है। यहां तक की घरों में पानी तक घुस जाता है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कालाढूंगी रोड में जलभराव की विकराल समस्या को देखते हुए पिछले दिनों पार्षद रवि जोशी ने धरना दिया था। इस बीच विधायक सुमित हृदयेश ने भी जलमग्न सड़क पर प्रदर्शन किया था। इधर अब नगर निगम की ओर से जेल रोड चौराहे वाले नाले की तलीझाड़ सफाई शुरू करवा दी है। यह नाला मिट्टी-रेता समेत गंदगी से भरा पड़ा है। इधर शुक्रवार को नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने भी नाला सफाई का जायजा लिया। वहीं निगम प्रशासन ने एफटीआई मार्ग व मंडी बाईपास क्षेत्र में लगे कूड़े के ढेर हटाये। इस दौरान जेसीबी से सफाई कराई गई।
नाला सफाई के नाम पर हुआ घोटाला: रवि
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष व पार्षद रवि जोशी के धरने के बाद निगम प्रशासन की नींद खुली और जेल रोड चौराहे वाले नाले की सफाई शुरू करवाई। पार्षद जोशी का कहना है कि इस नाले के खुलने के बाद सड़क में जलभराव की विकराल समस्या से कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस नाले की सफाई के नाम पर नगर निगम प्रशासन ने घोटाला किया है। इस संबंध में शहरीय विकास मंत्री व कुमाऊं कमिश्नर को पत्र भेजकर जांच की मांग उठाई जाएगी।