हल्द्वानी। रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना प्रकाश में आई है एक युवक ने अपनी ही 10 वर्षीय चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म कर रिश्तो को तार-तार कर दिया। पीडि़ता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उसे संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार काठगोदाम थाना क्षेत्र से सटे राजस्व पुलिस क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही 10 साल की चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। वह उसके साथ दो बार दुष्कर्म कर चुका है। पहली बार दुष्कर्म करने पर पीडि़ता के परिजन लोकलाज के भय से चुप रहे। लेकिन युवक की हरकतें यहीं नहीं रूकी। उसने इसके बाद फिर से बालिका के साथ दुष्कर्म किया। इससे बालिका की हालत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने राजस्व पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले को काठगोदाम थाना पुलिस को स्थानान्तरित कर दिया गया। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक का कहना है कि पीडि़ता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पॉस्को एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी (30) वर्षीय ताऊ के पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।