हल्द्वानी। पत्नी से हुए विवाद के बाद नाराज पति ने उसी की चुनरी से फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी से पति के शव को फंदे से लटके देखा तो चीखती हुई मायके जा पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसके पुरम ई ब्लॉक जजफार्म निवासी हरीश कश्यप (27) पुत्र स्व.मुन्ना लाल पेशे से टेंपो चालक था और यहां किराए के मकान में पत्नी ममता व बेटे ऋषभ के साथ रहता था। जबकि उसका बड़ा भाई अनिल और छोटा भाई वीरेंद्र अपनी मां मुन्नी देवी व परिवार के साथ पांडे निवास बद्रीपुरा में रहते हैं। बड़े भाई अनिल ने बताया कि दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर हरीश और ममता के बीच विवाद हुआ। शुक्रवार की दोपहर बद्रीपुरा आया था और खाना खाने के बाद शाम वापस पत्नी के पास चला गया। बताया जाता है कि यहां एक बार फिर हरीश और ममता के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद वीरेंद्र ने किराए के घर में पत्नी की चुनरी से फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब ममता ने देखा तो उसके होश फाख्ता हो गए। फंदे पर पति की लाश देख ममता चीखती हुई मायके जा पहुंची। जिसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची मुखानी पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।