हल्द्वानी। जीएसटी सर्वे की आड़ में व्यापारियों का उत्पीडऩ किया जा रहा है। अफसरशाही को व्यापारियों के ऊपर किसी भी तरह हावी नहीं होने दिया जायेगा। यह बात व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता व महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने कही। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की है कि बिना व्यापार मंडल की अनुमति के किसी भी अधिकारी को अपने प्रतिष्ठान से जुड़ी जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेश के विपरीत कुछ अधिकारी पद का दुरुपयोग करते हुए जीएसटी सर्वे की आड़ में व्यापारियों का शोषण कर रहे हैं। इस मामले में व्यापार मंडल आरपार की लड़ाई का मन बना चुका है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफसरशाही को व्यापारियों के ऊपर किसी भी तरह हावी नहीं होने दिया जायेगा। व्यापारी ईमानदारी से टैक्स अदा कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने इस संबंध में शासन को अवगत कराया है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि यदि कोई भी अधिकारी दुकान में आए तो इसकी सूचना नगर अध्यक्ष व महामंत्री को अवश्य दें। उन्होंने चेताया कि यदि व्यापारियों का शोषण बंद न किया तो बाजार बंदी जैसा कदम उठाने को संगठन तैयार रहेगा।