हल्द्वानी। नगर निगम के कूड़ा वाहन चालक शासन से तय मानदेय दिये जाने की मांग को लेकर सहायक नगर आयुक्त से मिले। इस दौरान उन्होंने मांग की अनदेखी किये जाने पर हड़ताल की चेतावनी भी दी। नगर निगम में स्वच्छता समिति के तहत भर्ती किए गए लोगों से वाहन चलाये जा रहे हैं। करीब दर्जन भर ऐसे चालक निगम के वार्डांे से कूड़ा उठाते हैं लेकिन उन्हें मात्र 277 रुपये रोज के हिसाब से ही मानदेय मिल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार अब सफाई कर्मियों का मानदेय 500 रुपये रोजाना तय किया गया है। ऐसे में अब वाहन चालक भी शासन से तय मानदेय दिये जाने की मांग उठाने लगे हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को चालक सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन से मिले। इस दौरान चालकों ने काम के अनुसार ही मानदेय दिये जाने की मांग उठाई।
सफाई कर्मचारी संगठनों ने बनाया संयुक्त मोर्चा
हल्द्वानी। नगर निगम कर्मियों की मांगों का निराकरण कराने के लिए कर्मचारियों ने संयुक्त मोर्चे का गठन किया है। नगर निगम में मंगलवार को आयोजित बैठक में उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ, वाहन चालक संघ, मैजिक जीनी डोर-टू-डोर व यातायातनगर संघ से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान दोनों सफाई कर्मचारी संघों के प्रदेश अध्यक्ष मोर्चा का संरक्षक चुना गया।