हल्द्वानी। नगर निगम के सफाई कर्मियों की कामबंद हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। वहीं रोज की तरह निगम प्रशासन डंपिंग जोन से कूड़ा उठाने में जुटा रहा। सफाई में किसी तरह की अड़चन न आए इसके लिए पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। दोपहर तक दर्जन भर से अधिक डंपरों के जरिए कूड़ा उठाया जा चुका था।
शासन से तय 500 रुपये रोज के हिसाब से मानदेय दिये जाने जैसी मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मी इन दिनों हड़ताल पर हैं। सोमवार को भी हड़ताल चौथे दिन जारी रही। इधर नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय के निर्देशन में सफाई अभियान जारी रहा। इस दौरान काठगोदाम नारीमन चौराहा, नैनीताल रोड समेत तमाम क्षेत्रों के डंपिंग जोन से कूड़ा उठाया गया। अभियान के दौरान निगम की टीम के साथ पुलिस कर्मी भी शामिल रहे ताकि हड़ताली कर्मी किसी तरह का व्यवधान न कर सकें। इस दौरान सफाई निरीक्षक अमोल असवाल ने बताया कि लोग अपने घरों में एकत्र कूड़ा डंपिंग जोन में डाल सकते हैं, यहां से निगम आसानी से इसे उठा लेगा। वहीं निगम प्रशासन ने हड़ताल के मद्देनजर कर्मचारियों के अवकाश पर भी रोक लगा दी है।
निजी वाहनों से ट्रंचिंग ग्राउंड में डाल सकते हैं कूड़ा
हल्द्वानी। निजी वाहनों से भी ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा डाला जा सकेगा। नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मियों की हड़ताल के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। निगम प्रशासन ने बताया कि अधिक मात्रा में कूड़ा उठाने वाली संस्था या फर्म कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में फेंक सकती है।