हल्द्वानी। पर्वतीय मोहल्ला सावित्री कालोनी के गली नम्बर 11 व 12 में पेयजल संकट के विरोध में महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय में जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस बीच उन्होंने ईई का घेराव भी किया। यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में महिलाएं शनिवार को जल संस्थान पहुंची और प्रदर्शन किया। इस दौरान साहू ने कहा कि पार्वती मोहल्ला सावित्री कालोनी में पिछले 15 दिन से लोग पानी की बून्द बून्द के लिये तरस रहे हैं। विभाग के अधिकारियों ने आंखें बंद कर रखी है जिससे जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साहू ने कहा कि जल्द पेयजल व्यवस्था ठीक नहीं होने पर उग्र आन्दोलन किया जायेगा।
प्रदर्शन करने वालो में नेहा गुप्ता, भवना गुप्ता, सुनीता जायसवाल, सुदेश वार्ष्णेय, कान्ति देवी, विमला देवी, बबिता कुमारी, अंजली गुप्ता आदि शामिल थीं। साहू ने बताया कि अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने जल्द व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।